नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ श्री अरविन्द महिला कॉलेज में हुआ जागरूकता कार्यक्रम।
नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ श्री अरविन्द महिला कॉलेज में हुआ जागरूकता कार्यक्रम।
संवाददाता रितिक राज वर्मा
पटना, 05 अगस्त 2026। श्री अरविन्द महिला कॉलेज, पटना के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-1 एवं इकाई-2 के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रेखा रानी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशामुक्त रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सकारात्मक एवं स्वस्थ भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य वक्ता के रूप में महाविद्यालय के भूगोल विभाग के शिक्षक डॉ. आशीष विद्यार्थी ने नशे के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-1 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रिया के नेतृत्व में नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई 2 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सपना बरुआ ने किया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा नशा मुक्ति विषय पर आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए गए, जिनके माध्यम से नशे के दुष्परिणामों एवं जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाएँ उपस्थित रहीं।