श्री अरविंद महिला महाविद्यालय और रोटरी पटना मिडटाउन द्वारा स्तन कैंसर जागरूकता माह पर संगोष्ठी का आयोजन।
नुक्कड़ नाटक और रैंप वॉक से छात्राओं ने दिया स्तन कैंसर पर जागरूकता का संदेश।
संवाददाता: रितिक राज वर्मा
पटना, दिनांक: 02 नवंबर 2026। श्री अरविंद महिला महाविद्यालय, काजीपुर, पटना के गृह विज्ञान विभाग एवं रोटरी पटना मिडटाउन (Rotary Patna Midtown) के संयुक्त तत्वावधान में 2 नवंबर 2026 को स्तन कैंसर जागरूकता माह के अंतर्गत “Every Story Is Unique, Every Journey Matters” विषय पर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को Pathkind Lab का सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. विमी सिंह ने महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, समय पर जाँच एवं स्तन कैंसर से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला की कहानी और संघर्ष अलग है तथा जागरूकता और सामाजिक सहयोग इस बीमारी से लड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रेखा रानी ने छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, समय पर जाँच के महत्व को समझने तथा स्तन कैंसर से जुड़े सामाजिक संकोच को दूर करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. प्रितांजलि सिंह, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग, एम्स पटना ने स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षणों, बचाव, स्वस्थ जीवनशैली एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
वहीं डॉ. वी.पी. सिंह, सवेरा कैंसर हॉस्पिटल ने स्तन कैंसर के निदान एवं आवश्यक चिकित्सकीय जाँच की प्रक्रियाओं पर प्रकाश डाला। डॉ. रंजना कुमार, रोटरी पटना मिडटाउन ने सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
संगोष्ठी के साथ छात्राओं की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें स्तन कैंसर जागरूकता क्विज प्रतियोगिता, गृह विज्ञान विभाग की छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक “डर नहीं, जागरूकता ही बचाव है” तथा जागरूकता संदेशों और गुलाबी प्लेकार्ड के साथ रैंप वॉक प्रमुख रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान, समय पर जाँच और सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में गृह विज्ञान विभाग की डॉ. रेणु रानी, नैनशी कुमारी एवं रानी कुमारी का महत्वपूर्ण सहयोग एवं योगदान रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करना, समय पर पहचान एवं उचित उपचार के महत्व को समझाना तथा स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर खुलकर संवाद के लिए प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक महिला की कहानी अनूठी है और उसका हर सफर महत्वपूर्ण है। जागरूकता, समय पर पहचान और उचित उपचार जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।