श्री अरविन्द महिला कॉलेज में “तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित।

श्री अरविन्द महिला कॉलेज में “तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित।

4
संवाददाता: रितिक राज वर्मा 

पटना। श्री अरविन्द महिला कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई 1 एवं 2 के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 15 मई 2026 को “तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा तंबाकू मुक्त शैक्षणिक वातावरण के निर्माण हेतु प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. साधना ठाकुर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज एवं आने वाली पीढ़ी को भी प्रभावित करता है। उन्होंने छात्राओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा तंबाकू मुक्त परिसर के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना, इकाई 2 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सपना बरुआ ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही उज्ज्वल भविष्य की नींव है तथा तंबाकू मुक्त वातावरण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना, इकाई 1 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रिया कुमारी ने कहा कि जागरूकता ही तंबाकू सेवन रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है तथा युवाओं की भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू निषेध शपथ ग्रहण, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता तथा जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवी छात्राओं, महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं विभिन्न विभागों की छात्राओं ने तंबाकू मुक्त परिसर एवं स्वस्थ समाज निर्माण की शपथ ली। सभी उपस्थितजनों ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करेंगे तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।

साथ ही महाविद्यालय के समीप काजीपुर क्षेत्र में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से तंबाकू निषेध का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। रैली के दौरान छात्राओं ने लोगों को जागरूक किया तथा जागरूकता संबंधी सामग्री का वितरण भी किया।

पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सगुन कुमारी, द्वितीय स्थान तमन्ना कुमारी तथा तृतीय स्थान संयुक्त रूप से अनु कुमारी एवं समीक्षा कुमारी ने प्राप्त किया। वहीं सुप्रिया कुमारी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सपना बरुआ एवं डॉ. प्रिया कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आकर्षक पोस्टरों एवं प्रभावशाली नारों के माध्यम से तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया। अंत में शिक्षकेतर कर्मी श्री भोला सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.