विद्यालय परिवार ने निजी आवास पर मनाया छठ महापर्व, डूबते सूर्य को दिया गया अर्घ्य।
विद्यालय परिवार ने निजी आवास पर मनाया छठ महापर्व, डूबते सूर्य को दिया गया अर्घ्य।
संवाददाता: रितिक राज वर्मा
खुसरूपुर। सर्वोदय उच्च विद्यालय, खुसरूपुर के परिवार ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को पूरी श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया। शांति, सुरक्षा एवं परिवार के साथ पूजा करने को ध्यान में रखते हुए छठ व्रती श्रीमती निर्मला देवी ने अपने निजी आवास पर डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर संपूर्ण परिवार श्रद्धापूर्वक उपस्थित रहें।
छठ पर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। व्रती ने परिवार के साथ सूर्य उपासना करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु एवं समाज की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री धनेश प्रसाद ने कहा कि दूर-दूर से आए परिजनों के साथ घर पर छठ पर्व मनाना सुरक्षित, सुविधाजनक और परिवारिक एकता को मजबूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि निजी आवास पर अर्घ्य देने से भीड़भाड़ एवं संभावित कठिनाइयों से बचा जा सकता है, साथ ही परिवार के सभी सदस्य पूजा में सहभागी बन पाते हैं। उन्होंने छठ को बिहार की गौरवशाली लोक परंपरा बताते हुए कहा कि यह पर्व केवल पूजा नहीं, बल्कि प्रकृति, श्रम, परिवार एवं सामाजिक समरसता के प्रति आदर का संदेश भी देता है।
संध्या अर्घ्य के अवसर पर धनेश प्रसाद, अमित कुमार प्रियदर्शी, उमेश प्रसाद, नंदकिशोर प्रसाद, डॉ. राजेश कुमार, दीपक कुमार एवं डॉ. सौरभ कुमार सहित संपूर्ण परिवार उपस्थित रहा। सभी ने मिलकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और एक-दूसरे को छठ की शुभकामनाएं दीं।