श्री अरविन्द महिला महाविद्यालय में ‘विश्व दर्शन दिवस 2026 : दर्शन-मंथन’ का शुभारंभ।

श्री अरविन्द महिला महाविद्यालय में ‘विश्व दर्शन दिवस 2026 : दर्शन-मंथन’ का शुभारंभ।

10
संवाददाता: रितिक राज वर्मा

पटना, 19 नवंबर 2026। श्री अरविन्द महिला महाविद्यालय, पटना के दर्शनशास्त्र विभाग द्वारा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में तथा भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद (ICPR), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के वित्तीय सहयोग से विश्व दर्शन दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय शैक्षणिक कार्यक्रम ‘दर्शन-मंथन’ का आज शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का केंद्रीय विषय बदलती दुनिया में दर्शन: मानवीय मूल्यों, प्रौद्योगिकी और समाज पर पुनर्विचार है।कार्यक्रम में भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला के पूर्व फेलो प्रो. आर. सी. सिन्हा, रामेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. प्रभास कुमार, पटना विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अमीता जायसवाल तथा डी. के. कॉलेज, डुमराँव की प्राचार्या प्रो. वीणा अमृत की गरिमामयी उपस्थिति रही।

विश्व दर्शन दिवस के इस विशेष अवसर पर दर्शनशास्त्र विभाग की अध्यक्ष एवं कार्यक्रम की संयोजक डॉ. अनुमाला सिंह की पुस्तक ‘हाशिए पर खड़ा मनुष्य : भारतीय दर्शन और सामाजिक यथार्थ’ का लोकार्पण उपस्थित विद्वानों द्वारा किया गया। पुस्तक भारतीय दर्शन की वैचारिक परंपरा और समकालीन सामाजिक यथार्थ के अंतर्संबंधों को रेखांकित करते हुए समाज के हाशिए पर स्थित मनुष्य के जीवन, उसकी समस्याओं और सामाजिक न्याय से जुड़े प्रश्नों का दार्शनिक विश्लेषण प्रस्तुत करती है। इसी अवसर पर महाविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभाग के वार्षिक न्यूज़लेटर ‘दर्शन-मंथन : 2025-26’ का भी लोकार्पण किया गया।इस न्यूज़लेटर में विभाग द्वारा पूरे शैक्षणिक वर्ष के दौरान आयोजित अकादमिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, विभिन्न कार्यक्रमों तथा छात्र-छात्राओं की मौलिक रचनाओं को प्रकाशित किया गया है। न्यूज़लेटर का संपादन डॉ. गोपाल कुमार ने किया है। दोनों प्रकाशनों का लोकार्पण कार्यक्रम की अकादमिक और सृजनात्मक उपलब्धियों को विशेष रूप से रेखांकित करता है।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. आर. सी. सिन्हा ने समकालीन वैश्विक चुनौतियों के संदर्भ में दर्शन की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि दर्शन मनुष्य को केवल प्रश्न करना ही नहीं सिखाता, बल्कि विवेकपूर्ण ढंग से उनके समाधान की दिशा भी प्रदान करता है। उन्होंने मानवीय मूल्यों और नैतिक विवेक को सामाजिक विकास का आधार बताया।प्रो. श्यामल किशोर ने शिक्षा में दार्शनिक दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान और कौशल का अर्जन नहीं, बल्कि संवेदनशील, विवेकशील और उत्तरदायी नागरिकों का निर्माण भी होना चाहिए। बदलते सामाजिक परिवेश में मानवीय संवेदनाओं का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।

प्रो. प्रभास कुमार ने भारतीय एवं पाश्चात्य दार्शनिक परंपराओं के संदर्भ में समकालीन समस्याओं को समझने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि दर्शन की प्रासंगिकता उसके जीवन और समाज से जुड़े प्रश्नों के विवेकपूर्ण विश्लेषण में निहित है।

डॉ. अमीता जायसवाल ने बदलती दुनिया में महिलाओं, समाज और मानवीय मूल्यों से जुड़े प्रश्नों पर दार्शनिक चिंतन की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति के साथ मानवीय गरिमा, संवेदनशीलता और नैतिक उत्तरदायित्व को बनाए रखना भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है।प्रो. वीणा अमृत ने उच्च शिक्षा में दर्शनशास्त्र की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दार्शनिक अध्ययन विद्यार्थियों में आलोचनात्मक चिंतन, तार्किक क्षमता और स्वतंत्र निर्णय लेने की योग्यता विकसित करता है। उन्होंने समकालीन चुनौतियों के बीच शिक्षा को मूल्यपरक बनाए रखने पर बल दिया।

महाविद्यालय की प्राचार्या एवं कार्यक्रम की संरक्षिका प्रो. रेखा रानी ने आयोजन के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अकादमिक आयोजन विद्यार्थियों में तार्किक दृष्टि, स्वतंत्र चिंतन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने दर्शनशास्त्र विभाग के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम की संयोजक एवं दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अनुमाला सिंह ने आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘दर्शन-मंथन’ का उद्देश्य दर्शन को कक्षा और पुस्तकों की सीमाओं से बाहर लाकर समकालीन सामाजिक, नैतिक और तकनीकी प्रश्नों से जोड़ना है। उन्होंने विभिन्न संस्थानों से आए विद्वानों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन आयोजन सचिव डॉ. गोपाल कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन दर्शनशास्त्र विभाग की तृतीय सेमेस्टर की छात्रा निशु आनंद ने प्रस्तुत किया। उन्होंने अतिथियों, महाविद्यालय प्रशासन, आयोजन समिति, शिक्षकों, प्रतिभागियों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से आए शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों की व्यापक सहभागिता रही। महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों ने भी आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया।

दो दिवसीय ‘दर्शन-मंथन’ का प्रथम दिवस विचारों के आदान-प्रदान, अकादमिक संवाद और दार्शनिक विमर्श की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण रहा। कार्यक्रम का दूसरा दिवस 20 नवंबर को आयोजित किया जाएगा, जिसमें शोध-पत्र प्रस्तुतियों एवं अकादमिक क्विज का आयोजन होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.