श्री अरविंद महिला कॉलेज में जॉब उत्सव का सफल आयोजन।

नांदी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को मिला करियर निर्माण का अवसर।

4
संवाददाता: रितिक राज वर्मा 

पटना, 27 अक्टूबर 2026। श्री अरविंद महिला कॉलेज, पटना में नांदी फाउंडेशन के सहयोग से मंगलवार को जॉब उत्सव एवं प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में कुल 106 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया। इनमें से 25 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया, जबकि 40 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।इस प्लेसमेंट ड्राइव में श्री अरविंद महिला कॉलेज के अतिरिक्त नालंदा महिला कॉलेज, बिहारशरीफ तथा महाबोधि कॉलेज, नालंदा के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें विभिन्न कंपनियों की भर्ती प्रक्रिया से परिचित कराना था।

कार्यक्रम की शुरुआत अभिमुखीकरण सत्र से हुई। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रेखा रानी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने, अपने कौशल को विकसित करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने करियर के प्रति सजग रहने और उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग करने का संदेश दिया।

अभिमुखीकरण सत्र में सहभागी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी संस्थाओं, उपलब्ध पदों, कार्यप्रणाली, कार्यक्षेत्र तथा भर्ती प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद अभ्यर्थियों के साक्षात्कार आयोजित किए गए। इस प्लेसमेंट ड्राइव की विशेषता यह रही कि प्रत्येक अभ्यर्थी को अपनी योग्यता और रुचि के अनुरूप अधिकतम तीन कंपनियों में साक्षात्कार देने का अवसर प्रदान किया गया।

इस रोजगार मेले में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, मुथूट फाइनेंस, टू कॉम्स, भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड, बज़वर्क्स तथा ज़ूडियो ने भाग लिया। इन कंपनियों की सहभागिता से विद्यार्थियों को बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, खुदरा व्यापार तथा अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार विकल्पों को समझने और अपनी योग्यता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम का समन्वय नांदी फाउंडेशन की ओर से राज्य प्लेसमेंट प्रमुख श्री कौस्तुभ मुखर्जी ने किया। वहीं, श्री अरविंद महिला कॉलेज की ओर से डॉ. आदित्य भारद्वाज ने समन्वय की जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर कॉलेज के प्लेसमेंट सेल की समन्वयक डॉ. विमी सिंह तथा सदस्य डॉ. गोपाल कुमार और डॉ. विभा कृति उपस्थित रहे।

जॉब उत्सव का आयोजन विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, उनकी रोजगारपरक क्षमताओं को प्रोत्साहित करने तथा उच्च शिक्षा संस्थानों और नियोजक कंपनियों के बीच समन्वय मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। 25 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन और 40 अभ्यर्थियों का अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट होना इस आयोजन का प्रमुख परिणाम रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.