राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर श्री अरविन्द महिला कॉलेज में “स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित।

राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर श्री अरविन्द महिला कॉलेज में "स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम" आयोजित।

6
संवाददाता: रितिक राज वर्मा

पटना, 24 सितम्बर 2026। राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर श्री अरविन्द महिला कॉलेज, काजीपुर, पटना में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई–1 एवं इकाई–2 के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं द्वारा स्वच्छता एवं स्वच्छ जीवनशैली से संबंधित आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए गए। पोस्टर प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, स्वच्छ परिसर तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई–1 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रिया कुमारी ने छात्राओं को स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का आह्वान किया।वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई–2 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सपना बरुआ ने स्वच्छता को केवल व्यक्तिगत दायित्व न मानकर सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ परिसर और स्वच्छ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा स्वयंसेविकाएँ जन-जागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बन सकती हैं।

कार्यक्रम के उपरांत स्वयंसेविकाओं द्वारा महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेविकाओं ने परिसर की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया तथा लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.