नई शिक्षा नीति के अनुरूप: RPM कॉलेज-PYF फाउंडेशन के साझेदारी से चौथे सेमेस्टर की छात्राओं को वोलेंटियरशिप का अवसर।

नई शिक्षा नीति के अनुरूप: RPM कॉलेज-PYF फाउंडेशन के साझेदारी से चौथे सेमेस्टर की छात्राओं को वोलेंटियरशिप का अवसर।

10
संवाददाता: रितिक राज वर्मा

पटना। रामेश्वरदास पन्नालाल महिला महाविद्यालय, पटना के सभागार में आज दिनांक 1 जून 2026 को चतुर्थ सेमेस्टर की छात्राओं के लिए वोलेंटियरशिप उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन प्रेम यूथ फाउंडेशन के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय एवं प्रेम यूथ फाउंडेशन के बीच वोलेंटियरशिप कार्यक्रमों के संचालन एवं छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।


कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) पूनम ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत चतुर्थ सेमेस्टर की छात्राओं के लिए 30 घंटे का वोलेंटियरशिप कोर्स अनिवार्य किया जाना एक सराहनीय पहल है। इससे छात्राओं को समाज एवं समुदाय के साथ प्रत्यक्ष रूप से जुड़ने का अवसर मिलेगा तथा उनमें सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समस्याओं को समझने एवं उनके समाधान खोजने की योग्यता विकसित होगी। उन्होंने कहा कि यह पाठ्यक्रम छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


इस अवसर पर प्रेम यूथ फाउंडेशन के संस्थापक एवं गांधीवादी विचारक श्री प्रेम कुमार ने कहा कि उनकी संस्था के सहयोग से विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं सफलतापूर्वक वोलेंटियरशिप कोर्स पूर्ण कर रहे हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।

फाउंडेशन के प्रोग्राम ऑफिसर श्री रितिक राज वर्मा ने नई शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत वोलेंटियरशिप कोर्स की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पाठ्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा वोलेंटियरशिप कोर्स से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. वीणा कुमारी, एनजीओ कोर्स कोऑर्डिनेटर, द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण डॉ. प्रीति कुमारी, डॉ. मेराजुद्दीन, डॉ. प्रकाश दास, डॉ. नुजहत जहाँ, डॉ. अमोल तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं चतुर्थ सेमेस्टर के सभी छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में छात्राओं की सक्रिय सहभागिता और उत्साह उल्लेखनीय रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.