विश्व पर्यावरण दिवस एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत श्री अरविंद महिला कॉलेज में वृक्षारोपण।
विश्व पर्यावरण दिवस एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत श्री अरविंद महिला कॉलेज में वृक्षारोपण।
संवाददाता: रितिक राज वर्मा
पटना। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री अरविंद महिला कॉलेज, पटना में दिनांक 5 जून 2026 को भारत सरकार एवं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा प्रोत्साहित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की नवपदस्थापित प्राचार्या प्रो. रेखा रानी के नेतृत्व में परिसर स्थित उद्यान में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर निर्माण तथा मातृत्व सम्मान का संदेश दिया गया। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्या प्रो. रेखा रानी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस विशेष का विषय नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली और सामाजिक उत्तरदायित्व का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते पर्यावरणीय संकट, जलवायु परिवर्तन तथा प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण को देखते हुए वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को भी सशक्त बनाती है। उन्होंने छात्राओं से अपनी माता तथा प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने हेतु कम-से-कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उन्होंने शास्त्रों में वर्णित उक्ति “दशपुत्रसमो द्रुमः” का उल्लेख करते हुए कहा कि एक वृक्ष का महत्व दस पुत्रों के समान माना गया है। वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का आधार भी बनते हैं।
कार्यक्रम में उद्यान समिति के प्रभारी डॉ. आदित्य भारद्वाज, श्री गोपाल कुमार, महाविद्यालय की बर्सर डॉ. अनुमाला सिंह, प्रधान सहायक डॉ. शबीना मुस्तफा, श्री रोहित कुमार, माली श्री मदन कुमार सहित अन्य कर्मचारियों ने सहभागिता की। उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा प्रकृति के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश प्रसारित किया गया।