श्री अरविन्द महिला कॉलेज में प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान, छात्राओं ने ली स्वच्छता की शपथ।

श्री अरविन्द महिला कॉलेज में प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान, छात्राओं ने ली स्वच्छता की शपथ।

22
संवाददाता: रितिक राज वर्मा 

पटना, 15 जुलाई। श्री अरविन्द महिला कॉलेज, काजीपुर, पटना में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाई–1 एवं 2 के संयुक्त तत्वावधान में “प्लास्टिक मुक्त परिसर जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं आमजन को एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्लास्टिक मुक्त परिसर की शपथ के साथ हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रेखा रानी ने स्वयंसेविकाओं एवं छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज वैश्विक स्तर पर पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। इसके दुष्प्रभावों से बचने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज को भी प्लास्टिक मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी, इकाई–1 डॉ. प्रिया कुमारी एवं इकाई–2 डॉ. सपना बरुआ ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है। उन्होंने स्वयंसेविकाओं से पर्यावरण संरक्षण को जन-जन तक पहुँचाने तथा प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

इसके पश्चात स्वयंसेविकाओं द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं प्लास्टिक संग्रह अभियान चलाया गया। छात्राओं ने परिसर में फैले प्लास्टिक कचरे को एकत्रित कर स्वच्छ एवं हरित परिसर का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जो महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर किलकारी भवन, राष्ट्रभाषा परिषद, प्रेमचंद चौराहा, दिनकर चौराहा एवं काजीपुर मोहल्ला होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर पहुँची। रैली के दौरान स्वयंसेविकाओं ने हाथों में पोस्टर एवं जागरूकता संदेश लिए लोगों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कपड़े एवं जूट के थैलों का प्रयोग करने तथा स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्लास्टिक मुक्त परिसर की शपथ ली तथा पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ भारत के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.