खुसरूपुर डिग्री कॉलेज में इंडक्शन मिट आयोजित, छात्रों को संस्कारयुक्त शिक्षा व व्यावहारिक दिशा देने का संकल्प।
खुसरूपुर डिग्री कॉलेज में इंडक्शन मिट आयोजित, छात्रों को संस्कारयुक्त शिक्षा व व्यावहारिक दिशा देने का संकल्प।
संवाददाता: रितिक राज वर्मा
खुसरूपुर। राजकीय डिग्री कॉलेज, खुसरूपुर में आज दिनांक 20 जुलाई 2026 को इंडक्शन मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्र छात्राओं को शिक्षा, सामाजिक कार्य और व्यावहारिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करना तथा महाविद्यालय में संस्कारयुक्त शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालना था।

कार्यक्रम के मुख्यातिथि गांधीवादी प्रेम कुमार फाउंडर, प्रेम यूथ फाउंडेशन ने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खुसरूपुर में डिग्री महाविद्यालय के स्थापन से यहां के युवाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने शैक्षिक भविष्य को संवारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने महाविद्यालय को “मनुष्य निर्माण का कारखाना” बताते हुए कहा कि आज के समय में केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि संस्कार और व्यावहारिक कौशल भी आवश्यक हैं। प्रेम कुमार ने महात्मा गांधी के मूलभूत शिक्षा के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वही सपना अब नई शिक्षा नीति में साकार होता दिख रहा है। प्रेम कुमार ने छात्रों को आगे की शिक्षा और करियर के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने गांधी फेलोशिप, एसबीआई फेलोशिप, विद्या धन और ‘मेरा युवा भारत’ जैसे स्कॉलरशिप व प्रोग्रामों के बारे में विस्तार से बताया और बताया कि इन संसाधनों का लाभ कैसे उठाया जा सकता है। वक्ता ने छात्रों को सामाजिक कार्यों में सक्रिय होने, स्वयंसेवा और स्थानीय विकास के प्रयासों में भागीदारी की प्रेरणा दी।

उपस्थित अतिथियों और विशेष अतिथियों को पौधा और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

इंडक्शन मीट के दौरान एक तात्कालिक (Extempore) भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के छात्र छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में अपने विचारों को निर्भयता से प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों में आत्मविश्वास और सार्वजनिक बोलने की क्षमता विकसित करने में सहायक होते हैं।

पूरा कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. चित्रलेखा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान डॉ. चित्रलेखा ने अध्यक्षता करते हुए छात्रों को डिग्री कॉलेज में उपलब्ध विषयों, पाठ्यक्रम और कॉलेज से मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह कॉलेज यहां के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है और इसका उद्देश्य न केवल शैक्षणिक उन्नति बल्कि सर्वांगीण मानव निर्माण भी है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता शर्मा ने अपने अनोखे अंदाज और सजीले प्रस्तुतीकरण के साथ किया, जिससे कार्यक्रम में गर्मजोशी और ऊर्जा बनी रही।
समारोह में पूर्व पार्षद नवल किशोर यादव, देवानंद कुमार, रितिक राज वर्मा, अंशिता सिंह, रंजन कुमार, कुमकुम कुमारी, प्रिया कुमारी समेत स्कूल और कॉलेज के अनेक छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि महाविद्यालय भविष्य में भी इस तरह के प्रेरणादायी सत्र, कार्यशालाएं और युवाओं के लिए करियर मार्गदर्शन सत्र नियमित रूप से आयोजित करेगा ताकि स्थानीय छात्रों को शिक्षण के साथ साथ रोजगार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति तैयार किया जा सके। समारोह में उपस्थितों ने ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम खुसरूपुर के शैक्षिक व सामाजिक परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करेगा।