“पटना में डॉग बाबू को मिला निवास प्रमाणपत्र: सरकारी तंत्र की खामियों का खुलासा”
"कुत्ते के नाम पर निवास प्रमाणपत्र, सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल"
संवाददाता रितिक राज वर्मा
पटना। बिहार में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पटना जिले के मसौढ़ी प्रखंड में एक कुत्ते के नाम पर निवास प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया है।
इस प्रमाणपत्र में डॉग बाबू के पिता का नाम ‘कुत्ता बाबू’ और माता का नाम ‘कुतिया देवी’ दर्ज है। इतना ही नहीं, इस प्रमाणपत्र में बाकायदा कुत्ते की फोटो भी लगाई गई है।
प्रमाणपत्र की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिससे पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पूरा मामला यह है कि यह प्रमाणपत्र 24 जुलाई 2025 को जारी हुआ, जिसमें डॉग बाबू को मसौढ़ी प्रखंड का निवासी बताया गया है।
दस्तावेज में लिखा गया है कि डॉग बाबू, पिता कुत्ता बाबू, माता कुतिया देवी, मसौढ़ी के वार्ड संख्या 15 में निवास करते हैं। दस्तावेज पर राजस्व अधिकारी के डिजिटल हस्ताक्षर और QR कोड भी मौजूद है, जिससे उसकी प्रामाणिकता पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रमाणपत्र पर बिहार सरकार का लोगो और बाकायदा सरकारी फॉर्मेट में सभी जानकारी भरकर दी गई है। अब सवाल यह उठ रहा है कि किस तरह बिना सत्यापन के किसी जानवर के लिए ‘रिहायशी प्रमाणपत्र’ जारी कर दिया गया।