शेखपुरा के राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में Pitchathon 3.0 का सफल आयोजन।

छात्रों ने पेश किए नवाचारी स्टार्टअप आइडिया।

संवाददाता रितिक राज वर्मा

शेखपुरा। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, शेखपुरा के स्टार्टअप सेल द्वारा Pitchathon 3.0 का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में छात्रों ने अपने स्टार्टअप आइडिया जजों के सामने प्रस्तुत किए।


कार्यक्रम में कुल 6 टीमों ने भाग लिया और अपने-अपने आइडिया पेश किए। इन आइडियाज में टूरिस्ट के लिए प्लेटफॉर्म, लॉन्ड्री सर्विस प्लेटफॉर्म, महिलाओं के मेंस्ट्रुएशन से जुड़ा प्रोडक्ट जैसे कई नए और उपयोगी विचार शामिल थे। सभी प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुति दी और जजों के सवालों के जवाब भी दिए।

कार्यक्रम में जज के रूप में प्रो. जकी अनवर, प्रो. आनंद कुमार, प्रो. चितरंजन कुमार, प्रो. कमलकांत और प्रो. विनय कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों के आइडिया को ध्यान से सुना और उन्हें बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दिए।

इस अवसर पर स्टार्टअप सेल के एडवाइजर प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे और उन्होंने छात्रों का उत्साह बढ़ाया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप तिवारी ने कहा कि Pitchathon 3.0 जैसे कार्यक्रम छात्रों के अंदर नवाचार और उद्यमिता की सोच को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अपने आइडिया को आगे बढ़ाना भी जरूरी है। ऐसे आयोजन छात्रों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज प्रो. संदीप कुमार ने कहा कि इस तरह के प्लेटफॉर्म छात्रों को अपने आइडिया को प्रस्तुत करने का अच्छा अवसर देते हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि छात्रों को स्टार्टअप और इनोवेशन के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिले।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ और सभी प्रतिभागियों को उनके प्रयासों के लिए सराहा गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

design