श्री अरविंद महिला कॉलेज में ‘नागरिक कर्तव्य संगोष्ठी – संविधान जानो’ का हुआ आयोजन।

श्री अरविंद महिला कॉलेज में ‘नागरिक कर्तव्य संगोष्ठी – संविधान जानो’ का हुआ आयोजन।

संवाददाता रितिक राज वर्मा

पटना। श्री अरविंद महिला कॉलेज, पटना में 11 मार्च 2026 को “नागरिक कर्तव्य संगोष्ठी – संविधान जानो” विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें उनके मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति संवेदनशील बनाना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. साधना ठाकुर ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों के कर्तव्यों का भी मार्गदर्शक है।


उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों को आत्मसात करें और एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर शिक्षाविद एवं संवैधानिक चिंतक श्री निपुण आलम्बायन ने मुख्य वक्ता के रूप में संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों तथा मौलिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होते हैं, तभी लोकतंत्र सुदृढ़ और सशक्त बनता है।


कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सिविल सेवक श्री जे.के. सिंह की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जितना हम अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होंगे, उतना ही हम अपने अधिकारों के वास्तविक महत्व को समझ पाएंगे। इस संगोष्ठी का आयोजन राजनीति विज्ञान विभाग एवं सशक्त भारत मंच के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं के लिए क्विज़ प्रतियोगिता तथा पोस्टर प्रस्तुति का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संविधान से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मकता और ज्ञान का प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम की आयोजन सचिव डॉ. सपना बरुआ और कार्यक्रम समन्वयक श्री राजीव शंकर सिन्हा थे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन एम.ए. चौथे सेमेस्टर की छात्रा देवयानी कुमारी ने किया। कार्यक्रम की रिपोर्टिंग एम.ए. चौथे सेमेस्टर की छात्रा प्रियांशु कुमारी ने की।

इस अवसर पर संजना कुमारी, स्नेहा कुमारी सहित लगभग 200 छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। धन्यवाद ज्ञापन एम.ए. द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा खुशी कुमारी ने प्रस्तुत किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

design