डायरिया से बेहाल जहानाबाद: डीएम अलंकृता पांडेय ने लापरवाह अधिकारियों को लगाई फटकार, कड़े एक्शन के निर्देश
Bihar News: बिहार के जहानाबाद जिले में डायरिया का प्रकोप लगातार गहराता जा रहा है। खासकर काको नगर पंचायत क्षेत्र के कुरैशी मोहल्ला, कोइरी टोला और पासवान टोली जैसे इलाकों में डायरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और लापरवाही पर अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने नल-जल योजना के खराब क्रियान्वयन, जगह-जगह क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और मोहल्लों में फैली गंदगी को लेकर पीएचईडी, नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा,
“अगर स्थिति नहीं सुधरी तो सबको अस्पताल में भर्ती करा दूंगी, एक मिनट में अकल ठिकाने आ जाएगी।”
डीएम ने निर्देश दिए कि प्रभावित इलाकों में तत्काल क्लोरीन मिलाकर साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। नगर पंचायत को विशेष सफाई अभियान चलाने और स्वास्थ्य विभाग को सभी मरीजों पर सघन निगरानी रखने का आदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने पीएचईडी के कनिष्ठ अभियंता और नगर पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक से स्पष्टीकरण भी तलब किया है। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार अब तक डायरिया से एक बच्ची समेत चार लोगों की मौत की अपुष्ट सूचना है, आधिकारिक पुष्टि नही है। जबकि दर्जनों लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। इन हालात ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है और इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।
जिलाधिकारी के दौरे के दौरान सिविल सर्जन, बीडीओ, पीएचईडी के वरिष्ठ अधिकारी और नगर पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी विभागों को समन्वय के साथ काम कर हालात पर जल्द से जल्द काबू पाने का निर्देश दिया गया है।