महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के 7वें एवं 8वें बैच का सात दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न।
महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के 7वें एवं 8वें बैच का सात दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न।
संवाददाता: रितिक राज वर्मा
पटना, 20 जुलाई 2026। श्री अरविन्द महिला कॉलेज, पटना में महिंद्रा प्राइड क्लासरूम (नांदी फाउंडेशन) के अंतर्गत संचालित 7वें एवं 8वें बैच का सात दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि और उत्साह को देखते हुए दोनों बैचों का प्रशिक्षण 13 जुलाई को एक साथ प्रारंभ किया गया था।

दोनों बैचों में कुल 92 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिनमें प्रत्येक बैच में 46 विद्यार्थी शामिल थे। सात दिनों तक चले प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट जगत की अपेक्षाओं के अनुरूप सॉफ्ट स्किल्स, प्रभावी संचार कौशल, इंटरव्यू तकनीक, व्यक्तित्व विकास और कार्यस्थल से जुड़ी व्यावहारिक दक्षताओं का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षक अमर पाठक एवं निरुपम ठाकुर ने किया। उन्होंने विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों, समूह अभ्यासों और इंटरैक्टिव सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों के संचार कौशल और आत्मविश्वास को विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के सफल समापन पर कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रेखा रानी ने महिंद्रा प्राइड क्लासरूम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में आवश्यक सॉफ्ट स्किल्स और व्यावसायिक दक्षताओं को विकसित करने की दिशा में अत्यंत उपयोगी साबित हुआ है। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में इस प्रकार के प्रशिक्षण विद्यार्थियों को रोजगार की चुनौतियों के लिए तैयार करने और उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के उप-समन्वयक डॉ. आदित्य भारद्वाज ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में लगातार उत्साह बना हुआ है। इसी क्रम में महिंद्रा प्राइड क्लासरूम का 9वां बैच 22 जुलाई से प्रारंभ होगा, जिसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्लेसमेंट सेल की समन्वयक प्रो. विमी सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले महीनों में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को कौशल विकास के साथ रोजगार एवं प्लेसमेंट के बेहतर अवसरों के लिए तैयार किया जा सके।

कार्यक्रम के सफल संचालन में प्लेसमेंट सेल के सदस्य श्री गोपाल कुमार एवं आयोजन सचिव विभा कृति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सात दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।