गुलजाना गांव में वटवृक्ष और कुएँ का हुआ अनोखा विवाह, प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश

गयाजी/टिकारी:

गया जिले के टिकारी प्रखंड के गुलजाना गांव में एक अनोखी और प्रेरणादायक परंपरा देखने को मिली, जहां ग्रामीणों ने वटवृक्ष और कुएँ का प्रतीकात्मक विवाह पूरे विधि-विधान और उत्साह के साथ संपन्न कराया। इस अनूठे आयोजन में पूरे गांव के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और इसे सामाजिक सद्भाव तथा प्रकृति संरक्षण के संदेश के रूप में मनाया।

विवाह समारोह में वटवृक्ष को वर पक्ष के रूप में कंचन शर्मा एवं उनकी पत्नी ने प्रतिनिधित्व किया, जबकि कुएँ को कन्या पक्ष के रूप में अखिलेश शर्मा एवं उनकी पत्नी ने प्रस्तुत किया। पारंपरिक रीति-रिवाज, पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ विवाह की सभी रस्में श्रद्धा एवं आस्था के साथ निभाई गईं।

इस अवसर पर गांव की महिलाओं ने मंगल गीत गाए और ग्रामीणों ने मिलकर पूरे आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया। विवाह समारोह को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने इस अनूठी परंपरा की सराहना की।

ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ पेड़-पौधों और जल स्रोतों के संरक्षण का भी संदेश देते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामवासियों ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति आभार और कृतज्ञता व्यक्त की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

design